भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र के त्रिसुंडी गांव में गुरुवार देर रात घर के आंगन में चारपाई पर सो रही बहन की नाबालिग भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त मौजूद मां व छोटे भाई के शोर मचाने पर आरोपी घर की बाउंड्रीवाल कूदकर भाग गया। एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। परिवारीजनों की मानें तो बहन की शादी में दिए जा रहे दहेज और रुपयों के खर्च से वह नाराज था।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के त्रिसुंडी गांव निवासी बरसाती सरोज की पुत्री शकुंतला (19) की शादी प्रतापगढ़ जिले के पट्टी थाना क्षेत्र के नेवाजी का पुरवा परसंडा निवासी दिनेश पुत्र शोभनाथ के साथ तय थी। एक मई को बारात त्रिसुंडी गांव बरसाती के घर आती। घर वाले बेटी की शादी की तैयारी में जुटे थे। तीन दिन पहले बहन की शादी में शामिल होने के लिए उसका 17 वर्षीय भाई दिल्ली से घर पहुंचा था। बरसाती गुरुवार को दोपहर अपने बड़े बेटे ओम प्रकाश के साथ रिश्तेदारों के घर शादी का कार्ड बांटने के लिए निकले थे। रात करीब नौ बजे बरसाती और ओम प्रकाश लंभुआ के सैतापुर निवासी रिश्तेदार के घर पहुंचे और वहीं रुक गए। इधर, घर पर बरसाती की पत्नी बेटी शकुंतला, छोटे बेटे सोनू व मझले बेटे के साथ घर पर थी। रात में शकुंतला घर के आंगन में चारपाई पर सो गई, जबकि उसका भाई घर के बरामदे में टिनशेड के नीचे सो रहा था। आधी रात के बाद करीब तीन बजे शकुंतला पर उसके नाबालिग भाई ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। चीख-पुकार के बाद शकुंतला की मां व छोटा भाई सोनू जाग गए तो देखा शकुंतला पर उसका भाई हमला कर रहा है। मां-बेटे ने शोर मचाया तो आरोपी भाई घर की बाउंड्रीवाल फांदकर भाग गया। शकुंतला की हत्या की सूचना घर वालों ने बरसाती और बड़े बेटे ओम प्रकाश को देते हुए पुलिस को दी। सूचना के बाद लंभुआ के सैतापुर से बरसाती अपने बेटे के साथ घर पहुंचे। एएसपी बलरामाचारी दुबे, एसओ डीके सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। एएसपी ने शकुंतला की मां से पूछताछ की। इस बाबत एसओ डीके सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। परिवारीजनों के मुताबिक बेटा बहन की शादी में हो रहे खर्च से नाराज चल रहा था।
बहन को दिए जा रहे दहेज से नाराज था बेटा
त्रिसुंडी गांव निवासी बरसाती का मंझला बेटा बहन शकुंतला को शादी में दिए जा रहे दहेज से नाराज था। पुलिस की पूछताछ में बरसाती की पत्नी ने बताया कि दिल्ली से आने के बाद उनका बेटा बार-बार यही कह रहा था कि जब बहन को शादी में सब कुछ दे दिया जाएगा तो उसके लिए क्या बचेगा। तीन दिन पहले ही दहेज में देने के लिए बाइक खरीदकर घर आई थी। इस पर भी उनका बेटा नाराज हो गया था।