सुल्तानपुर। शहर के करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को जल्द ही निर्बाध बिजली मिल सकेगी। पावर कॉर्पोरेशन ने शहर की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एरियर बंच केबल का कार्य शुरू करा दिया है। अप्रैल के अंत तक केबल का कार्य पूरा हो जाने की संभावना है। कार्य पूरा होते ही कटिया लगाकर बिजली चोरी करने वालों का रास्ता बंद हो जाएगा।
शहर में कटिया कनेक्शन से आए दिन तारों की टकराहट से होने वाले नुकसान पर पाबंदी लगाने के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने एरियर बंच केबल लगाने का निर्णय लिया है। एरियर बंच केबल लगाने के लिए खासकर उन मोहल्लों को चयनित किया गया है जहां बिजली चोरी की अधिक आशंका और उससे आपूर्ति में बाधा होती है।
कॉर्पोरेशन के निर्देश पर वितरण खंड ने शहर की चयनित लाइनों पर एरियर बंच केबल लगवाने का कार्य शुरू करा दिया है। केबल का कार्य खासकर कम वोल्टेज वाली लाइनों (220 वोल्ट) पर कराया जा रहा है।
एरियर बंच केबल लगाने के लिए शहर क्षेत्र के डाकखाना, दरियापुर, ट्रांसपोर्टनगर व केएनआई उपकेंद्र को चुना गया है। इसमें दरियापुर, ट्रांसपोर्टनगर व केएनआई अर्धशहरी सब स्टेशन हैं जबकि डाकखाना उपकेंद्र पूर्णरूपेण शहरी है।
केएनआई उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले कुछ मोहल्लों में अभी कार्य चल रहा है। वितरण खंड के आंकड़ों की मानें तो शहर में करीब 30 हजार विद्युत उपभोक्ता हैं। इसमें व्यावसायिक के साथ घरेलू उपभोक्ता भी शामिल हैं।
अभी तक इसमें अधिकांश उपभोक्ता लो-वोल्टेज व तारों के टूटने की समस्या झेल रहे थे। एरियर बंच केबल लगने से इनकी ये समस्या समाप्त हो जाएगी।