विशश्वरगंज (बहराइच)। दो दिन पहले आई आंधी-पानी में लक्खारापुर गांव निवासी एक ग्रामीण के खेत में तार टूटकर गिर गया था। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया और बिजली सप्लाई चालू कर दी।
बुधवार को तार की चपेट में दो पशु आ गए। दोनों की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर बिजलीकर्मी पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ लिया।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत देव्वनपुर लक्खारामपुर गांव निवासी रामराज पुत्र मथुरा बुधवार को गाय व बछड़े को खेत से घर ले जा रहे थे। इसी दौरान किसी जीव के दिखने पर पशु बिदक गए।
पशु रस्सी छुड़ाकर भागने लगे। भागते हुए गांव निवासी बुधई सिंह के खेत में पहुंच गए। बुधई के खेत में विद्युत पोल व तार टूटा पड़ा था। उसमें बिजली भी प्रभावित हो रही थी।
करंट की चपेट में आकर दोनों पशुओं की जिंदा झुलसकर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर अधिकारियों ने सप्लाई बाधित की। इसके बाद सभी गांव पहुंचे। वहां नाराज ग्रामीणों ने विद्युत कर्मियों को दौड़ा लिया।
उल्टे पांव कर्मचारी भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही विद्युत तार व पोल टूटकर गिर गया था। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, बुधवार को घटना के बाद कर्मचारी पहुंचे, इससे सभी भड़क गए।