सुल्तानपुर। शहर में पुलिस अधीक्षक आवास के सामने बन रहा बहुप्रतीक्षित 33बी ओवरब्रिज के खुलने का इंतजार खत्म हो गया। करीब साढ़े 34 करोड़ रुपये की लागत से बना ब्रिज आठ अप्रैल को जनता को समर्पित हो जाएगा। इससे शहर समेत जिले के पश्चिमी छोर की करीब चार लाख आबादी का रास्ता सुगम हो जाएगा।
ब्रिज को फाइनल टच देने के लिए सेतु निगम ने लेपन कार्य शुरू करा दिया है। सेतु निगम के इंजीनियरों की मानें तो दो दिनों में लेपन कार्य पूरा करा लिया जाएगा। कार्य पूरा कराने के लिए इंजीनियर स्वयं मौके पर डटे हैं।
सात वर्ष पहले स्वीकृत 33 बी ओवर ब्रिज के निर्माण को लेकर भी लगातार अवरोध बना रहा। शहर में इसकी जद में आने वाली दुकानों एवं भवनों को लेकर लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इसकी वजह से निर्माण काफी दिनों तक रुका रहा।
विरोध को लेकर स्वीकृति के बाद दो बार शहर की तरफ बनने वाली भुजा को लेकर अधिकारियों ने पैमाइश की। अंत में बड़े विरोध के बाद गायत्री मंदिर की ओर से निर्माण को मंजूरी दी गई। करीब चार वर्ष ब्रिज का निर्माण विवाद में ही अटका रहा।