बलरामपुर। पीजीआई लखनऊ में जांच के दौरान जिले की एक महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिले है। उसका इलाज लखनऊ में हो रहा है। बीमारी की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है।
पीएचसी जोकहिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर व स्वास्थ्य परिवेक्षक मोहम्मद शोएब खान की चार सदस्यीय टीम ने गुरुवार को नगर के वार्ड विशुनापुर निवासी सभासद संजय मिश्र के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों की जांच की। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि संजय के साथ उनके परिवार के सदस्य राकेश मिश्र, वंदना मिश्रा व सत्यवती को बुखार है। जांच के दौरान सभी में मलेरिया, टॉइफाइड के लक्षण पाए गए है। परिवार के सदस्यों का बीते दिन ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई। संजय ने बताया कि बीते 17 जुलाई को उनके बड़े भाई की बहू किरन पत्नी सत्येंद्र कुमार की तबियत अचानक खराब हो गई। स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया लेकिन सेहत में सुधार नहीं हुआ। लखनऊ के डॉक्टर ओपी सिंह को दिखाने पर उन्होंने किरन के ब्लड सैंपल की जांच पीजीआई में कराई। जांच के दौरान किरन में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए। किरन का इलाज लखनऊ में चल रहा है। सेहत में सुधार हो रहा है।
संक्रामक रोग अधिकारी व कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि जिले में अभी तक अन्य किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू होने के लक्षण नहीं पाए गए है। बरसात का मौसम होने के कारण लोगों को संक्रामक बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।