69000 शिक्षकों की चयन प्रक्रिया पर रोक की अंतरिम राहत अर्जी पर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ 28 मई को करेगी सुनवाई। यह अर्जी उत्तर कुन्जी के चार सवालों पर विवाद से संबंधित है। कोर्ट ने कहा है कि अगली सुनवाई पर चयन प्रक्रिया रोकने और अंतरिम राहत दिए जाने की प्रार्थना पर विचार किया जाएगा।
वहीं बेसिक शिक्षा परिषद ने 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन दाखिल करने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में जिलावार रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं। भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण 1 लाख 46 हजार 60 अभ्यर्थी 26 मई की रात 12 बजे तक अपने आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती परीक्षा में 65 प्रतिशत (150 में से 97 अंक) कट ऑफ के आधार पर सामान्य वर्ग के 36,614 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। 60 प्रतिशत (150 में से 90 अंक) के आधार पर अनुसूचित जाति के 24308, अनुसूचित जनजाति के 270 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 84,868 अभ्यर्थी पास हुए हैं।
मौजूदा शिक्षकों को मौका देने से लेकर फंसा पेच
69000 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी पास हुए हैं जो वर्तमान में परिषदीय स्कूलों में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। इन शिक्षकों ने अपने गृह जिले में पहुंचने के लिए परीक्षा दी थी। विभाग के सामने परेशानी यह है यदि इन शिक्षकों को नई भर्ती में शामिल होने का मौका दिया गया तो मेरिट में इनसे कुछ पीछे रहे अभ्यर्थी वंचित रह जाएंगे और इन शिक्षकों के अपने गृह जिले में पहुंचने पर वर्तमान जिले में फिर पद रिक्त हो जाएंगे।