कार्यक्रम की जानकारी देते पदाधिकारी।
लखनऊ। सड़क हादसे या किसी बीमारी के कारण दिव्यांगता का शिकार हुए 690 लोगों को कृत्रिम हाथ-पैर दिए जाएंगे। उदयपुर के नारायण सेवा संस्थान की ओर से एक दिसंबर को निशुल्क नारायण लिम्ब एवं कैलीपर्स फिटमेंट शिविर लगेगा।
संस्थान के ट्रस्टी एवं निदेशक देवेंद्र चौबीसा ने चारबाग बस स्टैंड स्थित होटल में बताया कि शिविर का आयोजन विभूतिखंड किसान बाजार स्थित दयाल गेटवे होटल में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगा। नारायण सेवा ने ''''कुआं प्यासे के पास'''' योजना के तहत 28 जुलाई को निशुल्क नारायण लिंब मेजरमेंट कैंप लगाया था। इसमें 1260 रोगी आए थे। 690 लोग ऐसे थे जो दिव्यांगता का शिकार हो गए थे। अब इन्हें निशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर दिए जाएंगे। संस्थान के मीडिया एवं जनसंपर्क निदेशक भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि शिविर के उद्घाटन के लिए उप मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। 100 कृत्रिम हाथ-पैर का सहयोग टूरिज्म फाइनेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने सीएसआर मद से दिया है।