लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है। छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाने से प्रदेश में लगभग 6500 एकड़ जमीन बची है। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने में 52 हजार से अधिक सोलर संयंत्र लगाकर यूपी ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
पाठक ने बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा क्षेत्र में पांच हजार कंपनियों के माध्यम से 70 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और लाखों लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार आवश्यक नीतिगत बदलाव भी करेगी। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा नहीं आए। पाॅवर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल ने कहा कि अगले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का ऊर्जा प्रदेश बन सकता है। इसके लिए थर्मल, सोलर, हाइब्रिड और बैटरी क्षेत्र में बड़े समझौते किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिजली कटौती चर्चा का विषय रहती थी, लेकिन अब स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। ट्रांसफार्मर खराब होने की दर भी 5 प्रतिशत से घटकर 0.5 प्रतिशत रह गई है। यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश में अब तक पांच लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इनसे करीब 1700 मेगावाट ऊर्जा उत्पादन क्षमता तैयार हुई है।
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज यूपी चैप्टर के सह-अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने कहा कि हरित ऊर्जा, फिनटेक और कृषि-प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में अहम अवसर मौजूद हैं। वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि तीन दिवसीय एक्सपो में भारत और विदेशों से 200 से अधिक कंपनियां सौर ऊर्जा, स्मार्ट ग्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं।
फर्स्ट व्यू ग्रुप के सीईओ वरुण गुलाटी ने कहा कि सौर ऊर्जा केवल बिजली उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक बदलाव का बड़ा जरिया बन रही है। दो वर्षों में प्रदेश में सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी छह से सात हजार छोटी-बड़ी कंपनियां स्थापित हुई हैं। इन कंपनियों में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला है। उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन वर्षों में प्रदेश में सोलर एनर्जी सेक्टर में एक से डेढ़ लाख तक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। टेक्नीशियन, फिटर, इलेक्ट्रिशियन और इंजीनियर जैसे पदों पर नियुक्तियां होंगी। साथ ही इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर के विस्तार से स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर भी बढ़ेंगे।
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज यूपी चैप्टर के सह-अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को ऊर्जा प्रदेश के रूप में विकसित करने की पूरी क्षमता मौजूद है। विशेष रूप से बुंदेलखंड समेत कई क्षेत्रों में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं। उत्पादन से लेकर वितरण तक की पूरी व्यवस्था प्रदेश में विकसित होने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
एक्सपो में पॉलीकैब, ल्यूमिनस, सालासर, नोवा और एम्पटेक समेत कई कंपनियों ने अपने अत्याधुनिक सौर ऊर्जा उत्पादों और तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई। आगंतुकों को सोलर सिस्टम, बैटरी स्टोरेज और ईवी चार्जिंग समाधान की जानकारी दी गई।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ।