लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती उर्दू, अरबी-फारसी विश्वविद्यालय में पहली बार हो रहे पीएचडी प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में काफी रुझान है। पहले चरण में विश्वविद्यालय ने 66 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की थी और उसकी सभी सीटें भर गईं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरे चरण में 64 और सीटों पर प्रवेश करने का निर्णय लिया है। हालांकि पूर्व में इन सीटों पर प्रवेश नए सत्र 2019-20 में करने का निर्णय हुआ था।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पिछले दिनों एकेडमिक काउंसिल में इससे संबंधित निर्णय लिया। इस क्रम में रविवार को विश्वविद्यालय ने बची हुई 64 सीटों पर प्रवेश के लिए पुनरीक्षित सूची जारी की। कुलपति प्रो. माहरूख मिर्जा ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट uafulucknow.ac.in पर सूची देखकर 1 से 5 अप्रैल के बीच दोपहर 12 से 3 बजे तक प्रशासनिक भवन में संपर्क कर काउंसलिंग करा सकते हैं। बता दें कि विश्वविद्यालय में पहली बार पीएचडी के प्रवेश शुरू हुए हैं। प्रथम चरण की काउंसलिंग में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की कोर्स वर्क की कक्षाएं भी चल रही हैं। इन अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल होने की जरूरत नहीं है। दूसरे चरण में नई रिपोर्टिंग वाले अभ्यर्थी शामिल होंगे।