पीने के पानी की समस्या से जूझ रही शहर की करीब पांच लाख की आबादी को राहत दिलाने के लिए 630 करोड़ रुपये की लागत से योजनाएं शुरू की जाएंगी। इसे लेकर प्लॉन बन गया है और जल निगम इस पर जल्द काम शुरू करेगा।
पेयजल योजनाओं का काम शहर के नए व पुराने दोनों इलाकों में शुरू होगा। इनमें आलमबाग, कैसरबाग, कानपुर रोड, फैजुल्लागंज, गोमतीनगर, इंदिरा नगर और चिनहट के इलाके शामिल हैं। शहर में जलकल विभाग के जोन पांच, आठ, एक, चार, तीन और सात के इलाकों में तेजी से आबादी बढ़ रही है।
नई कॉलोनियां बस गई हैं। इसके अलावा उन पुराने इलाकों में पानी की समस्या है, जिनका स्वरूप कॉलोनियों में बदल गया है। यहां सरकारी पाइप लाइन से पानी की सप्लाई को लेकर अलग-अलग इलाकों के लिए योजनाएं अमृत मिशन में बनाई गई हैं। अब इन पर काम शुरू होना है।
फैजुल्लागंज में पेयजल व्यवस्था पर खर्च होंगे 87 करोड़
जलकल के जोन तीन में आने वाले फैजुल्लागंज का दायरा काफी बढ़ गया है। इसके कारण बीते साल ही नगर निगम चुनाव में परिसीमन कर चार वार्ड बनाए गए। क्षेत्र में दाउद नगर, रहीम नगर डुडौली, फैजुल्लागंज सहित आसपास के इलाकों में नई कॉलोनियां बस गई हैं। इलाके में पेयजल आपूर्ति सिस्टम बनाने को पेयजल डिस्ट्रिक्ट-बी में 87 करोड़ रुपये खर्च कर योजना को बेहतर बनाने का प्रोजेक्ट बना। इसके तहत पानी की पांच टंकियां बनाई जाएंगी। साथ ही पांच भूमिगत जलाशय बनाने के साथ नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी और 19 ट्यूबवेल लगाए जाएंगे।
मजबूत होगी इंदिरानगर-गोमतीनगर में पानी की सप्लाई
अमृत मिशन में पेयजल योजना डिस्ट्रिक्ट-सी के तहत इंदिरानगर, गोमतीनगर, चिनहट व उसके आसपास के क्षेत्रों में कई ऐसे पुराने इलाके हैं, जहां अभी पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में पुरानी योजना को मजबूत कर इन इलाकों को पेयजल की सप्लाई होगी। इस पर 95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पानी की टंकियां बनाने के साथ राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी। भूमिगत जलाशय व वितरण पाइप लाइन को भी बिछाया जाएगा।
पांच वार्डों में 118 करोड़ रुपये से होंगे काम
अमृत मिशन योजना में पेयजल के लिए बनी डिस्ट्रिक्ट-डी योजना के तहत सरोजनीनगर प्रथम व द्वितीय, केसरी खेड़ा व आलमनगर वार्ड को शामिल किया गया है। यहां के अधिकांश इलाकों में पाइप से पेयजल आपूर्ति का सिस्टम नहीं है। ऐसे में ज्यादातर क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है। इसे लेकर जल निगम ने अमृत मिशन योजना में प्रोजेक्ट बनाया। इसमें 118 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत नई पाइप लाइन बिछाने के अलावा आठ नई टंकियां बनाई जाएंगी। साथ ही पांच भूमिगत जलाशय बनाए जाएंगे और स्काडा सिस्टम लगाया जाएगा। इसका प्रस्ताव जल निगम ने बना लिया है, जिसे मंजूरी को भेज दिया गया है।
समस्या दूर करने को प्रोजेक्ट तैयार
जलकल विभाग के महाप्रबंधक एसके वर्मा ने बताया कि शहरवासियों की पीने के पानी की समस्या दूर करने को कई इलाकों में नया पेयजल सिस्टम बनाने की योजना बनी है। जल निगम की ओर से प्रोजेक्ट भी तैयार कर लिए गए हैं। इनके पूरा होने के बाद कई लाख आबादी को फायदा होगा।