लोहिया विधि विवि की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 62 अभ्यर्थी सफल
डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पीएचडी दाखिले की प्रवेश परीक्षा का परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया गया। 83 अभ्यर्थियों में से 62 ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। विवि ने परीक्षा परिणाम समेत पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
विवि प्रवक्ता डॉ. अल्का सिंह ने बताया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए 93 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 83 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी। सभी सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए 18 सितंबर को बुलाया गया है। मानविकी के विषयों के लिए सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक और विधि विषयों के लिए दोपहर 12 बजे से साक्षात्कार होगा। उन्होंने बताया कि विधि विषयों की 69 सीटों पर 57, अर्थशास्त्र की आठ सीटों पर तीन और समाजशास्त्र की तीन सीटों पर दो अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। वहीं इतिहास की दो और राजनीति शास्त्र की एक सीट के लिए कोई अभ्यर्थी चयनित नहीं हुआ है।