गोमती में डूबा इंजीनियरिंग का छात्र
सुल्तानपुर। गोमती नदी में बुधवार सुबह नहाते वक्त इंजीनियरिंग का एक छात्र डूब गया। सूचना पर पहुंचे परिवारीजन और मछुआरे छात्र की तलाश में नदी में उतरे, मगर देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सुरौली गांव निवासी छठिराज पांडेय का बेटा विकास (24) इंजीनियरिंग का छात्र है। बुधवार सुबह 11 बजे विकास घर से अकेले ही निकला था।
वह गांव के समीप से होकर गुजरी गोमती नदी पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विकास ने नदी के किनारे अपने कपड़े उतारे और मोबाइल रखकर स्नान करने लगा।
वह गोमती के बीचोंबीच पहुंचा तो अचानक डूबने लगा। लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था। नदी के पास मौजूद दो महिलाओं के साथ ही एक युवक ने भागकर इसकी सूचना छठिराज पांडेय को दी।
देखते ही देखते सुरौली गांव के तमाम लोग नदी के पास एकत्र हो गए और इसकी सूचना थानाध्यक्ष विजय सिंह के साथ ही एसडीएम जयसिंहपुर राम औतार को दी।
खबर पाकर नदी के किनारे रहने वाले कई मछुआरे मौके पर पहुंच गए। करीब 15 मछुआरे छात्र की तलाश में नदी में उतरे मगर देर शाम तक विकास का पता नहीं चल सका।
सुरौली गांव निवासी छठिराज पांडेय सीबीसीआईडी से सेवानिवृत्त हैं। उनके परिवार में पत्नी के साथ ही चार बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा संतोष पांडेय लखीमपुर में नौकरी करता है जबकि छोटा बेटा अवधेश पांडेय ठेकेदारी करता है।
इसके बाद दुर्गेश और विकास (24) पढ़ाई कर रहे थे। विकास की रुचि देखते हुए घरवाले उसे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करा रहे थे। परिवारीजनों को यकीन है कि वह सकुशल घर लौटेगा।