ग्राम विकास निधि से संवरेंगे विद्यालय
सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों की सूरत में अब चार चांद लगेंगे। यहां रंगाई-पुताई समेत तमाम विकास कार्य कराए जाएंगे। यह सब विभाग की बजट से नहीं बल्कि ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत होगा।
इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को खुली बैठक में स्कूल के सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल कराने के निर्देश दिए है। ये बैठकें 9 अप्रैल से पहले ग्राम सभावार होंगी।
2 अप्रैल से शैक्षिक सत्र 2018-19 शुरू हो रहा है लेकिन अभी तक स्कूलों की रंगाई-पुताई नहीं हुई है। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग से प्रतिवर्ष बजट आता है लेकिन इस बजट को आने में काफी वक्त लग जाता है।
इस पर जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने ग्राम पंचायत विकास योजना 2018-19 के तहत स्कूलों की रंगाई-पुताई व अन्य मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।
कहा है कि 4 से 9 अप्रैल के बीच ग्राम पंचायतवार खुली बैठकें कराई जाएं। इन बैठकों में बीडीओ स्कूलवार प्रस्ताव कराकर योजना में शामिल कराना सुनिश्चित करें जिससे स्कूल में सभी सुविधाएं बढ़ाई जा सकें।
इस कार्य में लापरवाही न बरती जाए। विकास योजना का प्लान तैयार करके प्लान प्लस की वेबसाइट पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही बैठक की वीडियोग्राफी अवश्य कराई जाए।
डीएम शीतल वर्मा ने बताया कि, बीडीओ को ग्राम पंचायत विकास योजना की खुली बैठकें कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्ययोजना में स्कूल में होने वाले कार्य शामिल कराएं जाएंगे ताकि स्कूल में बेहतर वातावरण बन सके।