बहराइच। सिकही और पटखौली गांव के सात बेरोजगारों को गोरखपुर निवासी दो युवकों ने कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। बेरोजगारों से करीब तीन लाख रुपये भी ठग लिया।
इसके बाद उनको मलेशिया का टूरिस्ट वीजा थमा दिया। पासपोर्ट भी उनको वापस नहीं किया। अब दोनों युवक फरार हैं। सभी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
रानीपुर थाना अंतर्गत ग्राम सभा सिकही निवासी शिवचंद कुमार वर्मा, गुलाबचंद, जितेंद्र कुमार व रणजीत और पटखौली गांव निवासी विजय शंकर, राजेश कुमार व शैलेश कुमार ने बीते चार माह पूर्व पासपोर्ट बनवाया था।
सभी विदेश में नौकरी की तलाश करने लगे। इसी बीच उनकी मुलाकात गोरखपुर जनपद के थाना बांसगांव अंतर्गत सिंगही भैंसही बुढ़ही गांव निवासी राहुल और गुड्डू मौर्या से हुई।
दोनों ने कुवैत में नौकरी दिलाने की बात कही। एक व्यक्ति से वीजा के नाम पर 45 हजार रुपये प्रति व्यक्ति की दर पर सातों युवकों से 3 लाख 15 हजार रुपये वसूल लिया।
लगभग डेढ़ माह पूर्व दोनों युवक आए और सभी को वीजा की कॉपी दिया, जिसमें 28 जुलाई को वीजा जारी होने की तिथि अंकित है। लेकिन वीजा मलेशिया के लिए जारी हुआ है।
बेरोजगार युवक ज्यादा पढ़े लिखे नहीं हैं। उन्होंने जब वीजा दिखाकर लोगो से संपर्क साधा तो पता चला कि उन्हें मलेशिया का टूरिस्ट वीजा थमाया गया है। इससे सभी सकते में आ गए।
बेरोजगारों का कहना है कि वीजा बनवाने के लिए लिया गया पासपोर्ट भी उन्हें वापस नहीं किया गया। सोमवार को सातों बेरोजगारों ने एसपी को पत्र सौंपकर केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
आईजी गोरखपुर को भेजा पत्र
युवक गोरखपुर के निवासी हैं। इस कारण केस भी वहीं दर्ज होगा। ऐसे में युवकों की दी तहरीर का हवाला देते हुए आईजी गोरखपुर को पत्र भेज दिया गया है।
जल्द ही मामले में गोरखपुर पुलिस केस दर्ज कर सभी को न्याय दिलाने का प्रयास करेगी। इस मामले में गोरखपुर पुलिस से संपर्क किया गया है।
-सुनील सक्सेना, एसपी, बहराइच