बिछिया (बहराइच)। सुजौली थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की सुबह भाई ने बहन के प्रेमी को भरी पंचायत में हंसिये से वार कर मार डाला। इस दौरान आरोपी ने अपनी बहन को भी जख्मी कर दिया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सुजौली थाना अंतर्गत एक गांव निवासी विवाहिता का प्रेम प्रसंग अरसे से लखीमपुर खीरी के बोझिया निघासन निवासी युवक पिंटू (25) से चल रहा था। विवाह के बाद भी उसके प्रेम संबंधों में कमी नहीं आई। मायके पहुंचने पर वह अक्सर प्रेमी को बुला लेती। यह बात विवाहिता के भाई को अखर रही थी। इस मामले को लेकर कई बार भाई-बहन के बीच विवाद भी हुआ। सावन में विवाहिता मायके पहुंची तो कई बार उसका प्रेमी मिलने घर आया। इसको लेकर पुन: भाई-बहन के बीच विवाद हुआ। बुधवार शाम को विवाहिता ने प्रेमी पिंटू को घर बुलाया। लेकिन वह रात में घर नहीं आ सका। गुरुवार भोर में पांच बजे के आसपास वह लखीमपुर से लंबूपुरवा गांव पहुंचा। यहां पर विवाहिता के भाई व उसके समर्थक पहले से घात लगाए हुए थे। पिंटू के गांव में पहुंचते ही भोर में पांच बजे समर्थकों ने उसे दबोचकर ग्राम प्रधान के घर पहुंचाया। उस समय प्रधान का पुत्र सो रहा था। शोर सुनकर जगा तो पिंटू को दबोचे लोग पंचायत की बात कह रहे थे। इस पर उसने गांव के लोगों को पंचायत की सूचना देकर थोड़ी देर में फ्रेश होकर आने की बात कही। गांव के लोग एकत्रित हो गए। पंचायत में पिंटू के मौजूद होने की सूचना पाकर उसकी प्रेमिका भी आ गई। इसी बीच प्रेमिका का भाई हंसिया लेकर पंचायत में आ धमका। भरी पंचायत के बीच उसने पिंटू के गले पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इससे चीख पुकार मच गई। उसने बहन पर भी हंसिये से वार किया। हंसिया उसकी पीठ में लगा। लेकिन किसी तरह उसने भागकर जान बचाई। मौके पर ग्रामीणों ने किसी तरह बेकाबू भाई को दबोचा। तत्काल थाने पर सूचना दी। थानाध्यक्ष परवेज अशरफ दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर कब्जे में लिया और पिंटू के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि भाई के हंसिये के वार से उसकी बहन लहूलुहान हुई है। उसे मोतीपुर सीएचसी पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। इस मामले में हत्या और प्राणघातक हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आठ वर्ष पूर्व हुई थी शादी
जिस विवाहिता को लेकर उसके प्रेमी की हत्या की गई। उसका विवाह आठ वर्ष पूर्व क्षेत्र के एक कस्बा निवासी युवक के साथ हुआ था। विवाहिता की गोद में चार साल की बच्ची भी है। विवाहिता के परिवारीजनों का कहना है कि विवाह के पूर्व से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आरोपी भाई बोला, हमारे लिए है दीवाली
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बहन की प्रेमिका के हत्या के आरोपी भाई ने अपने बयान में कहा है कि उसके लिए आज का दिन दीवाली से बढ़कर है। लेकिन बहन बच गई, इसका दुख है। भाई ने कहा कि बहन के चलते जलालत की जिंदगी झेलनी पड़ रही थी।