देवा (बाराबंकी)। पांच वर्षीय एक बच्चे को उसके मामा ने पीटकर मार डाला। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू किया है। मृतक के चाचा ने बच्चे की मां, नानी व मामा के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। वारदात के बाद गांव के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी अवधेश यादव का विवाह करीब दस साल पहले क्षेत्र के ही कैमई गांव के रहने वाले बेंचालाल की बेटी सरोज के साथ हुआ था। इस बीच करीब दो साल पहले दंपती के बीच आपसी विवाद के चलते सरोज अपने बेटे को लेकर मायके में रहने चली गई थी। बृहस्पतिवार की शाम किसी बात को लेकर सरोज के भाई अरविंद ने भांजे अर्पित यादव (5) को जमीन पर पटक दिया व डंडो से उसकी पिटाई कर मार डाला। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दिया जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस बीच आरोपी मामा मौके से भाग निकला। मृतक बच्चे का पिता अवधेश एक निजी वाहन चलाता है जिसके चलते वह घर से बाहर है। मृतक के चाचा मानसिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी मामा अरविंद, मां सरोज व नानी रीता के खिलाफ भांजे की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस का कहना है कि हत्या सिर्फ मामा ने किया है लेकिन मामले में जांच की जा रही है।
मामले को टालती रही देवा पुलिस
शाम के समय एक मासूम की हत्या होने की सूचना तत्काल देवा पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस ने करीब दो घंटे तक इस बात को ही अनसुनी करे रखा। न तो एसओ बीडी तिवारी मौके पर गए और न ही कोई पुलिस कर्मी गया। इस बीच जब गांव में आक्रोश बढ़ने लगा और विवाद होने की नौबत आ गई तो पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मौके पर जाकर कार्रवाई शुरू की। हत्या जैसी वारदात में भी पुलिस की लापरवाही से लोगों में रोष व्याप्त है।
देवा थाना क्षेत्र के कैमई गांव में एक पांच वर्षीय बच्चे की हत्या उसके मामा ने की है। जिस समय बच्चे की हत्या हुई उस समय उसकी मां खेत में थी यह बात पुलिस जांच में पता लगी है। इस मामले में जो भी तहरीर मिलेगी उस आधार पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी। - अनिल कुमार सिंह, एसपी