लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश-2026-27 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। विभिन्न विषयों में कुल 61 सीटों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 28, 29 और 30 सितंबर को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान निर्धारित पाठ्यक्रम शुल्क जमा करने के साथ शैक्षणिक, श्रेणी, आरक्षण, अनुभव समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और स्वप्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने या शुल्क जमा नहीं करने पर अभ्यर्थी का प्रवेश का दावा समाप्त माना जाएगा। ऐसी रिक्त सीटों पर वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों को नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा। कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने चयनित अभ्यर्थियों से समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।