लखनऊ। राजधानी में सोमवार को कोरोना के 61 नए मरीज मिले। 11 ने संक्रमण को हराया। इसके साथ जिले में सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 273 पहुंच गई है।
सीएमओ मनोज अग्रवाल ने बताया कि सबसे अधिक 14 मरीज चिनहट में मिले। इंदिरानगर में नौ, अलीगंज में आठ, एनके रोड इलाके में सात केस सामने आए हैं। आलमबाग में छह, सिल्वर जुबली में पांच, टूडियागंज में चार, सरोजनीनगर में तीन, ऐशबाग में दो पॉजिटिव मिले। गोसाईंगंज, मोहनलालगंज व रेडक्रॉस में एक-एक मरीज मिला।
इस वक्त केजीएमयू में सात और लोकबंधु अस्पताल में पांच संक्रमित भर्ती हैं। 261 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि जिले में रोजाना करीब दो हजार से अधिक की जांच हो रही है। संक्रमितों के इलाज की व्यवस्थाओं का पता लगाने के लिए मंगलवार को केजीएमयू, लोकबंधु, बलरामपुर अस्पताल समेत 11 हॉस्पिटल में मॉकड्रिल होगी। इसमें भर्ती करने, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन आदि के इंतजाम परखे जाएंगे।