गोसाईंगंज। अमेठी उपकेंद्र इलाके में उपभोक्ता से 60 हजार रुपये की उगाही करने के बाद भी बिजली लाइन शिफ्ट नहीं की गई। पीड़ित गोसाईंगंज निवासी मंजीत ने अब मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि, यह मामला डेढ़ साल पुराना बताया जा रहा है।
मंजीत ने अमेठी उपकेंद्र पर तैनात संविदाकर्मी आर्यमान पर आरोप लगाया है कि उसने खेत के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन शिफ्ट कराने के लिए 80 हजार रुपये का एस्टीमेट बताया। पीड़ित का कहना है कि उसने संविदाकर्मी को 60 हजार रुपये दिए थे और बाकी रकम खंभे हटने के बाद देने की बात हुई थी। आरोप है कि पैसे देने के बावजूद उसके खेत से बिजली के तीन खंभे नहीं हटाए गए और न ही दी गई रकम की कोई रसीद दी गई।
अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) भविष्य कुमार सक्सेना ने बताया कि यह मामला डेढ़ साल पुराना है। इस मामले की जांच के बाद तीन संविदाकर्मियों को हटाया जा चुका है और एक जेई को निलंबित किया गया था। इस प्रकरण की दोबारा जांच कराई जा रही है।