इकौना (श्रावस्ती)। भाकियू की जिले में चल रही किसान जागरण यात्रा मंगलवार को इकौना पहुंची। इस दौरान मौके पर किसी अधिकारी के न पहुंचने से नाराज भाकियू कार्यकर्ता संजय पार्क चौराहे पर धरने में बैठ गए।
भाकियू टिकैत गुट की ओर से पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर कार्रवाई, पुलवामा में मारे गए जवानों के परिजनों को त्वरित मुआवजा व नौकरी देने तथा आतंकियों से बदला लेने की मांग को लेकर किसान जागरण यात्रा निकाली जा रही है।
हरिहरपुर रानी के भंगहा से शुरू हुई यह यात्रा गांवों से होते हुए मंगलवार को इकौना पहुंची। इस दौरान कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद पर नहीं मिला।
इससे नाराज किसानों ने संजय पार्क के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान यूनियन के मंडल अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार अपने को किसान हितैषी बता रही है।
जबकि यह विरोधी है। किसानों के बेटे सीमा की रखवाली करते पाक आतंकियों के हाथों शहीद हो रहे हैं। सरकार रटा रटाया बयान देकर चुनावी रैलियां निकाल रही है।
किसानों ने सरकार व प्रशासन पर भ्रष्टाचार में डूबे रहने का आरोप भी लगाया। मौके पर पहुंचे एसडीएम इकौना राजेश मिश्रा व प्रभारी निरीक्षक के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त किया।
इसके बाद यात्रा अगले पड़ाव के लिए बढ़ गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा, सोम शर्मा, शिवकुमार, बृजेश यादव, कैलाशनाथ शुक्ला, विजयकुमार, दिनेश द्विवेदी, हनुमंतलाल पांडेय, जगतराम साहू मौजूद रहे।