अयोध्या। अयोध्या आई थीम पार्क व रिसार्ट एंड स्पा का निर्माण शुरू होते ही दबंगों ने गुंडा टैक्स वसूली को लेकर बवाल कर दिया। शुक्रवार की शाम कुछ दबंगों ने कंपनी के सुपरवाइजर से एक लाख रुपये रंगदारी मांगी। रुपये देने से मना करने पर दबंगों ने वहां काम कर रहे पुकलैंड के ड्राइवर को पीटा और उससे गाड़ी की चाभी छीन ली। कंपनी के एमडी की शिकायत पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। देर शाम तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिवा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा अयोध्या के मांझा तिहुरा में करीब 40 एकड़ जमीन पर 50 करोड़ की लागत से अयोध्या आई थीम पार्क व रिसार्ट एंड स्पा का निर्माण कराया जा रहा है। ये प्रोजेक्ट बीते दिनों प्रदेश में हुई इन्वेस्टर्स समिट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की व्यक्तिगत रुचि के चलते पास हुआ था। इसके निर्माण कार्य का शुभारंभ चार जुलाई को हुआ था। कंपनी के एमडी प्रमोद सिंह के अनुसार शुक्रवार शाम करीब चार बजे मांझा तिहुरा निवासी रामचेत यादव, विश्राम यादव व रामसनेही निषाद अपने 3-4 साथियों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां कंपनी के सुपरवाइजर रजनीश से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उनके मना करने पर आरोपी काम नहीं करने देने की धमकी देने लगे। आरोपियों ने वहां काम कर रहे पुकलैंड के ड्राइवर राहिल अंसारी को पीटा व उससे गाड़ी की चाभी छीन ली। इसके बाद आरोपी कर्मियों को धमकी देकर भाग गए। बताया कि कंपनी के सुपरवाइजर ने मामले की सूचना उन्हें दी, जिस पर उन्होंने पर्यटन विभाग समेत डीआईजी व एसएसपी से मामले की शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने रामचेत यादव, विश्राम यादव व रामसनेही निषाद समेत कुछ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया कि निर्माण स्थल पर बवाल के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया था, जिसमें एक आरोपी भालू यादव निवासी तिहुरा मांझा की पहचान हुई है। देर शाम पुलिस ने आरोपी रामचेत यादव, विश्राम यादव व रामसनेही को गिरफ्तार कर लिया।