अंबेडकरनगर। विद्युतीकरण में लापरवाही बरतने के मामले में जांच कर दोषी अधिकारियों व संस्था के कर्मियों पर केस दर्ज कराए जाने के निर्देश डीएम सुरेश कुमार ने शुक्रवार को दिए। वे लोहिया भवन में जिला स्वास्थ्य समिति व विद्युत समन्वय समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले आलापुर विधायक अनीता कमल ने कहा कि आलापुर विधानसभा क्षेत्र में विद्युतीकरण के नाम पर पिछले दिनों काफी मनमानी की गई है, जिससे जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। डीएम ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को अधिकतम सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
आलापुर विधायक अनीता कमल ने बैठक में कहा कि पिछले दिनों हुए विद्युतीकरण कार्य में काफी मनमानी की गई थी। जहां तहां अधूरा काम छोड़ दिया गया। विद्युत अधिकारियों ने भी इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में रोस्टर के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने के भी प्रयास नहीं किए जा रहे। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधिशाषी अभियंता आलापुर को जांच कराने का निर्देश दिया। कहा कि एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट सौंप दी जाए। इसमें जो भी अधिकारी व निजी संस्था के कर्मचारी जिम्मेदार हों, उनके विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराया जाए।
अध्यक्षता कर रहे सांसद हरिओम पाण्डेय ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय गा्रम ज्योति योजना के तहत जिन मजरों का विद्युतीकरण शेष रह गया है, उसे अविलंब पूरा कराया जाए। जहां भी ट्रांसफार्मर व तार खराब हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए। विधायक टांडा संजू देवी ने रोस्टर के अनुरूप बिजली न मिल पाने का हवाला देते हुए कहा कि इसमें सुधार लाया जाए। आंधी के चलते जहां जहां भी जिले में तार व खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्परतापूर्वक बदला जाए। मालीपुर कर्बला, राजकीय इंजीनियरिंग कालेज के निकट, इल्तिफातगंज, सूरापुर में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन का निर्माण जल्द पूरा कर लिया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कहा गया कि आशा बहुओं व लाभार्थी महिलाओं के लंबित भुगतान प्राथमिकता के साथ किए जाएं। मरीजों के हितों का ज्यादा से ज्यादा ध्यान दिया जाए और सभी काम प्राथमिकता से निपटाए जाएं। इस दौरान सीडीओ उमेशनरायन पाण्डेय, डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र, अधीक्षण अभियंता एसएन शुक्ल, प्रभारी सीएमओ डा. सालिकराम पासवान, अधिशाषी अभियंता विद्युत एके यादव व एसडीएम उपेंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।