मौरंग के ढेर पर पड़ा मिला नवजात
सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नकरहिया गांव में शनिवार की रात किसी ने एक नवजात को मौरंग के ढेर पर फेंक दिया। शिशु के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने उसे उठाया। इसी बीच वहां पहुंचे एक परिवार ने बच्चे को अपना लिया।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नकरहिया गांव निवासी राजू की रात में जब नींद खुली, तब उसने घर के बाहर लगे मौरंग के ढेर पर पड़े एक नवजात के रोने की आवाज सुनी। यह देख राजू दौड़कर मौरंग के ढेर के पास पहुंचा। वहां पर कपड़े में लिपटा हुआ एक शिशु बिलख रहा था।
इसी दौरान सहरोई निवासी इंद्रपाल की पत्नी चांदनी वहां पहुंच गई। महिला ने बालक को गोद में उठा लिया और पुचकारने लगी। उसने लोगों को बताया कि वह निसंतान है, इसलिए बच्चे को वह पाल लेगी। इसके बाद ग्रामीणों ने नवजात को महिला को सौंप दिया। थानाध्यक्ष राय साहब द्विवेदी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।