जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के फत्तेपुर मोहिबपुर गांव के पास मंगलवार को दोपहर असलहों से लैस दो बदमाशों ने मरहरा गांव के चौकीदार से 25 हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक सवार बदमाश भाग गए। दिनदहाड़े हुई लूट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित चौकीदार की सूचना पर जलालपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। चौकीदार ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
जलालपुर थाना क्षेत्र के मरहा गांव निवासी दीनदयाल यादव मंगलवार को जलालपुर स्थित एसबीआई से रुपये निकालने गए थे। बताया जाता है कि दीनदयाल गांव के चौकीदार हैं। दोपहर में वह बैंक से रुपये निकालकर बाइक से घर लौटने लगे। इसी बीच जब वह थाना क्षेत्र के फत्तेपुर मोहिबपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें असलहे से डरा-धमकाकर रोक लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब में रखे 25 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग गए। पीड़ित चौकीदार ने दूरभाष के माध्यम से वारदात की जानकारी जलालपुर पुलिस को दी। इसके बाद जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पीड़ित चौकीदार ने थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की है। वहीं, प्रभारी एसओ जलालपुर हवलदार यादव ने बताया कि पीड़ित चौकीदार की ओर से अब तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। दूरभाष पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर छानबीन के लिए पहुंची थी।
गौरतलब है कि जलालपुर सीओ सर्किल में पिछले एक माह से लूट व छिनैती की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। अधिकांश मामले में तो पुलिस केस ही नहीं दर्ज करती। जिनमें केस दर्ज भी होता है, उसका खुलासा नहीं हो पा रहा है। इसके चलते ही लगातार ऐसी आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे आम लोगों में दहशत है।