गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र के रामगढ़ मोहकमगंज गांव में शुक्रवार को पेड़ पर चढ़ा एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। आनन-फानन में लोग झुलसे युवक को लेकर सीएचसी भागे, मगर रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। युवक पेड़ पर चढ़कर सहजन की फली तोड़ रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
संदना थाना क्षेत्र के रामगढ़ मोहकमगंज गांव निवासी मूलचंद (33) शुक्रवार को सब्जी की खातिर गांव में लगे सहजन के पेड़ पर चढ़ गया। बताते हैं कि उसी पेड़ के ऊपर से हाईटेंशन लाइन के तार गुजरे थे। जब वह सहजन की फलियां तोड़ रहा था। इसी बीच एक डाल तार से टकरा गई और पेड़ में करंट उतर आया। इससे मूलचंद करंट की चपेट में आ गया और झुलसकर पेड़ से गिर गया। जानकारी होने पर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिवारीजन और ग्रामीण झुलसे युवक को लेकर क्षेत्र की सीएचसी की ओर भागे, मगर रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में उपनिरीक्षक सियाराम चौरसिया ने बताया कि युवक खुद की लापरवाही की वजह से करंट की चपेट में आया है। युवक की अचानक मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।