सीतापुर। बिसवां कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने रेल ट्रैक के करीब से एक बुजुर्ग का शव बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बिसवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुरेरा के कुछ ग्रामीण शनिवार सुबह गांव के बाहर खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों ने गांव के निकट से होकर गुजरने वाली रेल लाइन के करीब एक बुजुर्ग का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
बुजुर्ग की उम्र 80 वर्ष के करीब बताई जा रही है। उसने सफेद धोती और कमीज व काला कोट पहन रहा था। शरीर के कई स्थानों पर जख्म था। प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
संदेह जताया जा रहा है कि बुजुर्ग सफर के दौरान चलती ट्रेन से गिर गया। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।