श्रावस्ती। श्रावस्ती महोत्सव का आयोजन तपोस्थली पर 24 से 26 फरवरी के मध्य होगा। महोत्सव में बौद्ध स्थापत्य कला की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
प्रदेश के कोने-कोने से आए स्थापत्य कला के मर्मज्ञ उत्पादों का प्रदर्शन भी करेंगे। स्थानीय लोगों के लिए महोत्सव के बाद सात दिवसीय मेला भी लगा रहेगा।
इस कार्य योजना को अंतिम रूप देने के लिए डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुद्धजीवी व अधिकारियों के साथ बैठक की। बौद्ध श्रावस्ती व नवीन श्रावस्ती की स्थापत्य कला की झलक प्रदेश को दिखाने के लिए श्रावस्ती महोत्सव का आगाज होने जा रहा है।
यह महोत्सव बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में होगा। आयोजन प्रशासन व जन सामान्य आपसी आर्थिक मदद से करेंगे। इस आयोजन पर अपना सुझाव रखने के लिए बुधवार को डीएम दीपक मीणा ने अधिकारी व बुद्धजीवियों की एक बैठक आयोजित किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान श्रावस्ती महोत्सव कार्यक्रम की रूप रेखा तय की गई। महोत्सव सात दिवसीय होगा लेकिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन तीन दिनों तक चलेगा।
पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ होने के साथ साउंड एंड लाइट के माध्यम से प्राचीन बौद्ध श्रावस्ती का दर्शन लोगों को कराया जाएगा। इसी के बाद भजन संध्या का आयोजन होगा।
दूसरे दिन भगवान बुद्ध के दर्शन पर आधारित नाट्यकला कार्यक्रम होगा। तीसरे दिन सांस्कृतिक विभाग से आए कलाकारों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।