बलरामपुर। बिजली की बढ़ी दरों के खिलाफ सपा कार्यकर्ता गुरुवार को सड़क पर उतर आए। तहसील गेट से जुलूस निकालकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया गया। कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लिए जाने की मांग की गई।
पूर्व मंत्री डा. एसपी यादव, सपा जिलाध्यक्ष ओंकार पटेल, जिला महामंत्री इकबाल जावेद एवं पूर्व विधायक जगराम पासवान व मशहूद खां के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील गेट से जुलूस निकाला। जुलूस में केंद्र व प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सपाई कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करते हुए पूर्व मंत्री डा. एसपी यादव ने कहा कि भाजपा की आर्थिक नीतियों के चलते देश की जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। नोटबंदी व जीएसटी के कारण आमजन बुरी तरह परेशान है। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की दरें बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ दी है। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते 9 माह के अंदर राज्य के विकास की दिशा में कोई कार्य नहीं किया है। पूर्व विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा किसानों, गांवों और समाज के कमजोर वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी जबकि भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का काम किया है। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने बिजली की बढ़ी दरों को तत्काल वापस लिए जाने की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस अवसर पर काजी नुरुल हुदा, गुरदास सरोज, नफीस अहमद, महेंद्र यादव, शानू खान, मोहम्मद कलीम, राकेश यादव, गुलाम मोहम्मद रहमानी, निदेश सिंह व विजय मौर्या सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।