महमूदाबाद (सीतापुर)। महमूदाबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मालसरायं का बीएसए ने बुधवार को मुआयना किया। प्रसाधन में ताला लगा होने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई। सफाई न होने सहित अन्य खामियां मिलने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया है।
स्कूल की कक्षा चार की छात्रा कालिंद्री मंगलवार को भोजन करने के बाद नल पर पानी पीने जा रही थी। इस दौरान सर्प ने उसको डस लिया था। इस पर तत्काल सीएचसी महमूदाबाद पर भर्ती कराया था। अब छात्रा की हालात ठीक है। इसकी खबर पाकर बीएसए अजय कुमार बुधवार को बीईओ रामकिशोर व संकुल प्रभारी राजेश वर्मा के साथ स्कूल पहुंचे।
यहां पर उन्होंने अभिलेखों की जांच कर उनका रखरखाव देखा। गंदगी व झाड़-झंखाड़ मिलने पर प्रधानाध्यापक जगन्नाथ प्रसाद को फटकार लगाई। इसके बाद छात्रा के घर पहुंचकर उसका कुशलक्षेम पूछा। बाद में लापरवाही पर प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया है।
बीएसए ने बताया कि स्कूल के निरीक्षण में प्रसाधन में ताला लगा पाया गया। साफ-सफाई भी परिसर में नहीं मिली। इस पर प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया गया है।