तीन ट्रांसफार्मर पर मिले 350 अवैध कनेक्शन
- इलेक्ट्रिकल सैनीटाइजेशन अभियान में हुआ खुलासा
- रेतीखुर्द गांव का मामला, ट्रांसफार्मर से बंद की बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन की अेार से शुरू किए गए इलेक्ट्रिकल सैनीटाइजेशन अभियान के तहत विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और त्रिपुला के एसडीओ एसएन यादव ने तीन गांवों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सतांव ब्लॉक क्षेत्र के रेतीखुर्द गांव में तीन ट्रांसफार्मर में 350 कनेक्शन अवैध जुड़े मिले, जबकि एक नलकूप का कनेक्शन मिला।
अधिकारियों ने इन लोगों से कनेक्शन लेने की बात कही तो ग्रामीणों ने साफ इंकार कर दिया। इस पर दो ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति बंद कर दी गई। एक ट्रांसफार्मर से केवल वैध उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। पावर कॉर्पोरेशन के अभियंताओं ने बताया कि पावर कॉर्पोरेशन की ओर से इलेक्ट्रिकल सैनीटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रत्येक फीडर के हर गांव को चेक किया जा रहा है। इसमें ओवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, कटिया लगाने वालों को वैध कनेक्शन आदि का काम किया जा रहा है। मंगलवार को त्रिपुला उपकेंद्र से जुड़े रेतीखुर्द व जिहवां और उतरपारा उपकेंद्र से जुड़े गांव बेलाटेकाई का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता व एसडीओ ने बताया कि बेलाटेकई गांव में 500 परिवार हैं। 150 कनेक्शन पहले से हैं, 100 लोगों को नए कनेक्शन दिए गए। इसी तरह जिहवा में 250 परिवार हैं। 120 कनेक्शन हैं। 50 लोगों को नए कनेक्शन दिए गए, जो कटिया लगाकर चोरी कर रहे थे। सबसे खराब स्थिति रेतीखुर्द गांव की रही। यहां कनेक्शन लिए बिना ही 350 ग्रामीण बिजली जला रहे हैं। कनेक्शन की बात कही तो इंकार कर दिया। इस पर दो ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति बंद कर दी गई। अगर उपभोक्ता कनेक्शन नहीं लेते हैं तो चोरी से बिजली उपयोग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।