लखनऊ। ईरान के प्रमुख लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद इस्राइल में भी बमबारी शुरू हो गई है। इस बीच इस्राइल में रह रहे राजधानी सहित यूपी के करीब 5000 कामगारों पर मुसीबत की तलवार लटक रही है। भारतीय दूतावास ने सभी कामगारों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें बंकर में रहने और आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने के लिए कहा है।
राजधानी के बीकेटी निवासी अतुल चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिये हुई बातचीत में इस्राइल की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां पहले से भी भयावह व तनावपूर्ण स्थिति है। वह जिस क्षेत्र में रहते हैं, वहां से महज एक किमी दूरी पर बमबारी हो रही है। कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। दिन में शांति है, लेकिन रात में चारों तरफ से धमाकों की आवाज सुनाई देती है।
मलिहाबाद के निवासी अनुज कुमार ने बताया कि इस्राइल में बीते 24 घंटों से स्थिति खराब हो गई है। मिसाइल और ड्रोन से हमले हो रहे हैं। ज्यादातर ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने बिना वजह घर से बाहर घूमने पर पाबंदी लगा रखी है। सभी कामगारों और स्थानीय नागरिकों को बंकर में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बीकेटी क्षेत्र के रहने वाले संतोष भी इस्राइल में हैं। उनकी पत्नी ने बताया कि रविवार सुबह बात हुई तो उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ी हुई है। इसी वजह से मैं भी चिंता में हूं। हम सब यही प्रार्थना कर रहे हैं कि वह सही सलामत घर लौट आएं। जिंदगी रहेगी तो और भी पैसे कमाए जा सकते हैं।
इस्राइल में फंसे युवक।