वाराणसी। उत्तर प्रदेश के 50 युवाओं की टीम 15 दिन तक केरल में रहेगी। यहां रहकर टीम के सदस्य केरल की संस्कृति, वहां के शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई की व्यवस्था से रूबरू होंगे। साथ ही यूपी की लोक, कला संस्कृति की झलक भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। दो नवंबर को बीएचयू के मालवीय भवन से टीम रवाना होगी।
केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत युवा संगम फेज 0.7 के तहत 2 से 16 नवंबर तक यूपी की टीम का केरल प्रवास रहेगा। केरल भ्रमण के लिए प्रदेश स्तर पर नोडल अधिकारी बनाए गए बीएचयू पत्रकारिता विभाग के शिक्षक डॉ. बाला लखेंद्र ने बताया कि टीम में बीएचयू से 6 विद्यार्थी रहेंगे। इसके अलावा देवरिया, आगरा, बाराबंकी, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर आदि जगहों से भी विद्यार्थियों का चयन किया गया है। केरल प्रवास के दौरान केरल के राजभवन में राज्यपाल से मिलने के बाद मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, खेलमंत्री आदि से भी टीम के सदस्य मिलेंगे।