लखनऊ के सरोजनी नगर के बंथरा इलाके में बुधवार को अपने साथी के साथ नगवा नाले में नहाने गया 45 वर्षीय मजदूर काली प्रसाद शर्मा (45) पानी भरे गहरे नाले में डूब गया। उसके साथ गये दो दोस्तों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीण जुट गये। काली की तलाश में कुछ युवक नाले में कूद गये। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने गोताखोर लगाकर तलाश शुरू कराया, इसी बीच राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी बुला लिया गया। लेकिन देर शाम सात बजे तक शव नहीं मिल सका था।
प्रभारी निरीक्षक विनय चतुर्वेदी के मुताबिक उन्नाव के शुक्लागंज कंचन नगर निवासी काली प्रसाद शर्मा की ननिहाल नरेरा गांव के हरिश्चंद्र के घर में है। वह मंगलवार को मामा के घर घूमने आया था। बुधवार सुबह दस बजे गांव के मनीष व एक अन्य युवक के साथ नगवा नाले में नहाने गया था। जहां नहाने के दौरान काली प्रसाद गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगा, बचने के लिए चीखना शुरू किया।
मनीष ने उसकी चीख सुन ली। वह उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहा। मनीष बाहर निकलकर शोर मचाने लगा। मनीष की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गये। लोगों ने काली की तलाश शुरू की। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विनय चतुर्वेदी ने गोताखोरों को लगाकर तलाश शुरू कराया। काफी देर तक कोई सुराग नहीं लगा तो तत्काल उन्होंने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को सूचना दी। दोपहर में पहुंची एसडीएआरएफ की टीम ने भी नाले में करीब दो किलोमीटर की दूरी तक खंगाला, लेकिन सुराग हाथ नहीं लगा।
तेज बहाव के कारण आ रही थी दिक्कत
पुलिस के मुताबिक नाले में पानी भरा था। काफी तेज बहाव था। जिसके कारण तलाश में दिक्कतें आ रही थी। एसडीआरएफ की टीम अत्याधुनिक संसाधनों के साथ पहुंची। देर शाम सात बजे तक वह भी युवक की तलाश नहीं कर सकी थी। फ़िलहाल देर शाम तक नगवा नाले में उसकी तलाश जारी थी।