स्वतंत्रता दिवस पर 42 और स्कूल बने ‘बाल वाटिका’
लखनऊ। राजधानी के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विलय किए गए 42 परिषदीय विद्यालय अब ‘बाल वाटिका’ के रूप में संचालित होंगे। स्वतंत्रता दिवस पर इन विद्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर नृत्य, गायन, नाटक और चित्रकला जैसी गतिविधियों से बच्चों का उत्सवमय स्वागत होगा। इससे पहले आठ विद्यालयों को बाल वाटिका में बदला जा चुका है।
बीएसए राम प्रवेश के अनुसार, 50 से कम छात्र संख्या वाले विलयित 42 प्राथमिक विद्यालयों में बाल वाटिका संचालन की व्यवस्था की गई है। स्कूल परिसर को फूल-पत्तियों, गुब्बारों और रंगोली से सजाया जाएगा। लर्निंग कॉर्नर, स्टेशनरी, फोम मैट आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों के 3 से 6 वर्ष के बच्चे व उनके अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य इस आयोजन में शामिल होंगे। बीईओ, बाल विकास परियोजना अधिकारी और शिक्षक कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को हस्तांतरित भवनों पर पेंटिंग के माध्यम से बाल वाटिका का नाम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के नाम और मोबाइल नंबर मुख्य गेट व दीवारों पर लिखे जाएंगे। इसका खर्च कम्पोजिट ग्रांट से वहन होगा।