बलरामपुर में केजीएमयू के सेटेलाइट कैंपस के लिए पांच करोड़
लखनऊ। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी का सेटेलाइट कैंपस बलरामपुर जिले में खुलेगा। यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा।
अनुपूरक बजट में सोमवार को राज्य सरकार ने जमीन व भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी। केजीएमयू यहां 100 बेड का अस्पताल बनाएगा। फिलहाल ओपीडी सेवाएं बलरामपुर के जिला अस्पताल में शुरू होंगी।
अटल बिहारी वाजपेयी बलरामपुर से पहली बार सांसद चुने गए थे। ऐसे मेें सरकार ने यहां केजीएमयू का सेटेलाइट कैंपस खोलने का निर्णय लिया है। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
यह जमीन और भवन निर्माण के लिए स्वीकृत हुई है। हालांकि केजीएमयू सूत्रों की मानें तो बलरामपुर जिलाधिकारी ने करीब आठ एकड़ ग्राम समाज की जमीन देने की संस्तुति दी है। सेटेलाइट यूनिट के लिए 20 एकड़ जमीन तलाशी जा रही है। बाकी जमीन किसानों से अधिग्रहीत की जाएगी। इसके लिए सरकार निर्धारित मुआवजा देगी।
जिला अस्पताल में चलेगी ओपीडी
केजीएमयू प्रशासन की तैयारी है कि जल्द से जल्द ओपीडी शुरू कर दी जाए। इसके लिए बलरामपुर जिला अस्पताल में ओपीडी चलाने की तैयारी है। ओपीडी चलने के तीन साल बाद ही 100 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी मिलेगी। इस संबंध में भी शासन को प्रस्ताव दिया गया है।
100 बेड का बनेगा अस्पताल
केजीएमयू के सेटेलाइट कैंपस में 100 बेड का अस्पताल बनेगा। तात्कालिक तौर पर मिलने वाली जमीन पर प्रशासनिक भवन और अस्पताल का निर्माण होगा। दोनों निर्माण केजीएमयू प्रशासन की प्राथमिकता में हैं।
इसके बाद केजीएमयू के कुछ विभागों की उपशाखा बलरामपुर में चलेगी। अभी तक के प्रस्ताव में यहां के किसी विभाग को बलरामपुर स्थानांतरित करने का विचार नहीं है। इतना जरूर है कि किसी नए विभाग का गठन होता है तो वह बलरामपुर के हिस्से जा सकता है।
नहीं पड़ेगा दूसरे कैंपस पर प्रभाव
केजीएमयू प्रशासन की ओर से दूसरे कैंपस के लिए भी जमीन तलाशी जा रही है। सेटेलाइट कैंपस से इस पर प्रभाव नहीं पड़ेगा। हरदोई रोड पर केजीएमयू ने कुछ जमीन देखी है। इसके आसपास अतिरिक्त जमीन की तलाश जारी है।
विवि का होगा विकास
सेटेलाइट कैंपस के लिए अनुपूरक बजट में मंजूरी मिलने से विश्वविद्यालय का विकास होगा। यूनिट जल्द सक्रिय होगी।
-- डॉ. एमएलबी भट्ट, कुलपति, केजीएमयू