फैजाबाद। अयोध्या के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना ‘रामायण सर्किट’ के तहत कराए जा रहे कार्यों की जिलाधिकारी अनिल कुमार पाठक ने समीक्षा की। उन्होंने अफसरों और कार्यदायी संस्थाओं के अफसरों से कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्यों पर विशेष जोर दिया जाए। निर्धारित समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के तहत कार्य पूर्ण कराए जाएं।
केंद्रीय सेक्टर की स्वदेश दर्शन स्कीम अयोध्या के तहत भारत सरकार ने 133 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की है। जिसमें 23 करोड़ 53 लाख रुपये के बजट की प्रथम किस्त अवमुक्त कर दी गई है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोेजित बैठक में डीएम ने बताया कि सात करोड़ 59 लाख 72 हजार रुपये की राशि से रामकथा पार्क और रानी हो मेमोरियल का पर्यटन विकास के तहत पार्किंग, लैंड स्केपिंग, पाथ वे, बाउंड्री वाल, ओपेन एअर थियेटर का पुर्नविकास उपरिगामी सेतु सोलर लाइट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्टोन वेनचेस, साईट डेवलपमेंट व जन सुविधाओं का कार्य शामिल है। रामकथा पार्क के रेनोवेशन ऑफ ओपेन एअर थियेटर का 95 फीसदी, रिप्लेसमेंट ऑफ स्टोन का 90 फीसदी कार्य और सोलर लाइट का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
2.88 करोड़ की लागत से दिगंबर आखाड़ा में तीन मंजिला मल्टीपरपज हॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना को पूर्ण करने की अंतिम डेड लाइन 21 दिसंबर 2018 है।
12 करोड़ 64 लाख रूपये से राम की पैड़ी का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। राम की पैड़ी के अंदर ओपेन एअर थियेटर का कार्य 90 फीसदी पूर्ण हो गया है। कहा कि 15 वर्ष बाद अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी होगी, ऐसे में अयोध्या बस स्टेशन को बाईपास साकेत पेट्रोल के पास शिफ्ट किया जाएगा। बस स्टेशन के लिए भूमि चिह्नित कर लें
बताया कि परिक्रमा मार्ग को अतिक्त्रस्मण मुक्त करने के साथ वृक्षारोपण व एक करोड़ 97 लाख 66 हजार रूपये की धनराशि से जगह-जगह टूरिस्ट सेंटर का निर्माण कराया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर विंध्यवासिनी राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मदन चंद दुबे, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट अयोध्या, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह, कार्यदायी संस्था यूपी आरएनएन लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर, अधिशासी अभियंता विद्युत मनोज कुमार गुप्ता, सौर्य ऊर्जा के प्रबंधक सहित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।
गुप्तारघाट व लक्ष्मण किला घाट का निर्माण भी शुरू
-रामायण सर्किट के तहत 49 करोड़ 18 लाख 28 हजार रूपये की धनराशि से फैजाबाद में गुप्तार घाट, अयोध्या के लक्ष्मण किला घाट का निर्माण चल रहा है। गुप्तार घाट का विस्तारीकरण 35 करोड़ 63 लाख की लागत से और अयोध्या में नौ करोड़ 73 लाख रुपये से निर्माण कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंचकोसी मार्ग पर 54 शेड व 19 स्थानों पर टॉयलेट बनवाए जाएंगे।