रायबरेली। जिले में मंगलवार को बारिश के दौरान इंदिरानगर विद्युत उपकेंद्र के यार्ड में बिजली गिरने से कई इंसुलेटर खराब हो गए। हालांकि ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन बारिश की वजह से हाईटेंशन लाइन में कई जगह फॉल्ट आने से करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
दोपहर 12 बजे मौसम का मिजाज बदला तो शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश के दौरान इंदिरा नगर उपकेंद्र के यार्ड में बिजली गिर गई है। इससे डबल पोल के कई इंसुलेटर खराब हो गए। बारिश से 33 केवी लाइन में कई जगह पेड़ की डालें आ जाने से बिजली आपूर्ति ठप रही। 12 बजे गई बिजली शाम पांच बजे आई। इससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उपकेंद्र में बिजली गिरने से साकेत नगर, आचार्य द्विवेदी नगर, सीएमओ ऑफिस, आनंद नगर, स्टेडियम, विकास नगर, डलमऊ रोड, नई बस्ती, भीम नगर, मुशीगंज बाजार, राजकीय कॉलोनी, बस्तेपुर, महानंदपुर, इंदिरा उद्यान समेत कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति पांच घंटे प्रभावित रही। उपभोक्ता रामकुमार, शिवकुमार, दयाराम, अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि हवा चलने या बारिश होने से शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। सुधार कार्य नहीं कराए जा रहे हैं।
उपकेंद्र के यार्ड में बिजली गिरी थी। डबल पोल के कई इंसुलेटर खराब हो गए थे। इसके अलावा 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने की वजह से आपूर्ति बंद थी। फॉल्ट ठीक कराकर पांच बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।
- जय प्रकाश पटेल, अवर अभियंता इंदिरा नगर