बहराइच/बाबागंज। ग्राम स्वराज अभियान के दूसरे चरण के लिए भारत सरकार की ओर से नामित चार सदस्यीय नोडल अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को विकासखंड पयागपुर, मिहींपुरवा, विशेश्वरगंज व नवाबगंज के विभिन्न गांवों का दौरा किया।
शनिवार को भारत सरकार के सचिव को सीएचसी चरदा में गंदगी मिली। इस पर उन्होंने फटकार लगाई। सीएचसी में एक भी मरीज के भर्ती नहीं होने पर अधीक्षक ने चिकित्सकों की कमी होने का हवाला दिया।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय राजस्व विभाग के निदेशक लोकेश कुमार शर्मा ने विकास खंड नवाबगंज के ग्राम मकनपुर, शंकरपुर, बख्तावरगांव व कलवारी का दौरा किया।
शनिवार को वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां गंदगी व परिसर में झाड़-झंखाड़ देखकर नाराजगी जताई।
अस्पताल में मरीज नहीं भर्ती होने पर अधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि चिकित्सकों की कमी से मरीज भर्ती नहीं किए जा रहे हैं।
एक्सरे मशीन तथा प्रयोगशाला सामग्री व टेक्नीशियन भी नहीं हैं। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी अनूप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।