सांड से टकराई बाइक, युवक की मौत
सीतापुर। तंबौर थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार बाइक सड़क पर टहल रहे सांड से टकरा गई। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
रेउसा थाना क्षेत्र के सालपुर निवासी विनीत (25) रविवार रात तंबौर कस्बे से बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। रास्ते में तंबौर रेउसा मार्ग पर ग्राम खमरिया के पास बाइक सड़क पर टहल रहे छुट्टा सांड से टकरा गई।
इससे बाइक चला रहा विनीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर से गुजर रहे थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने घायल विनीत को सीएचसी तंबौर पहुंचाया। मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि, युवक को हेड इंजरी हुई है। अगर वह हेलमेट लगाए होता तो शायद जान बच जाती।