अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर का औचक निरीक्षण किया। वार्डों में पहुंचकर मरीजों व उनके तीमारदारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। परिसर में फैली गंदगी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। कहा कि साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दोबारा निरीक्षण में यदि गंदगी पाई गई, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सुरेश कुमार मंगलवार पूर्वाह्न राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर पहुंचे। प्राचार्य डॉ. पीके सिंह व चीफ प्राक्टर डॉ. सुजीत राय के साथ विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों व तीमारदारों से मुलाकात की। अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। डीएम ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। स्वास्थ्य योजनाओं का उन्हें समुचित लाभ दिलाया जाए। स्टाफ की कमी पर जिलाधिकारी ने प्राचार्य को निर्देशित किया कि वे एक बार फिर से इसके लिए शासन को पत्र भेजें। वे स्वयं उच्चाधिकारियों से बातचीत करेंगे। इससे पहले जिलाधिकारी ने परिसर में फैल गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि समूचे देश में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चल रहा है। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में गंदगी फैली है। कहा कि साफ सफाई को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। कहा कि दोबारा निरीक्षण में यदि गंदगी पाई गई, तो जिम्मेदार लोगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. मुकेश राना, डॉ. प्रमोद आदि मौजूद रहे।