जरवलरोड (बहराइच)। लखनऊ से गोरखपुर जा रही एक मालगाड़ी जरवलरोड रेलवे स्टेशन के पास शंटिंग जोड़ खुलने से दो हिस्सों में बंट गई। गार्ड की सूचना पर चालक ने ट्रेन रोका। लगभग आधे घंटे तक अफरातफरी की स्थिति रही।
तकनीकी कर्मियों ने पुन: डिब्बों को जोड़ा फिर मालगाड़ी रवाना हुई। इस दौरान अप रेल ट्रैक पर दो ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। लखनऊ से मालगाड़ी जेडए शनिवार रात को गोरखपुर के लिए रवाना हुई।
मालगाड़ी जब रात 8:30 बजे के आसपास जरवलरोड रेलवे स्टेशन के निकट पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 295 से गुजर रही थी। तभी मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। ट्रेन के गार्ड ने वाकीटॉकी से चालक को सूचना दी।
तब शेष डिब्बों के साथ इंजन को चालक पीछे लेकर आया। तकनीकी कर्मियों को बुलाकर शंटिंग कर मालगाड़ी के डिब्बे जोड़े गए। गेटमैन धर्मवीर ने बताया कि लगभग आधे घंटे बाद मालगाड़ी रवाना हुई।
इस दौरान अप ट्रैक पर दो ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से जाम की स्थिति बनी। क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ऐसे में सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। ट्रेन रवाना होने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।