दिवाली से पहले 388 युवाओं को रोजगार का तोहफा
लखनऊ। दिवाली से पहले प्रदेश के सैकड़ों युवाओं के चेहरे खिल उठे हैं। अलीगंज स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में आयोजित तीन दिवसीय रोजगार मेले में 388 युवाओं को रोजगार की सौगात मिली। साक्षात्कार और परीक्षा के बाद चुने गए ये युवा अब लखनऊ, हरियाणा और अन्य शहरों की प्रमुख कंपनियों में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि यह रोजगार मेला मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत 13 से 15 अक्तूबर तक आयोजित किया गया था। मेले में मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकार्प और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस जैसी नामी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों से अधिक से अधिक अभ्यर्थियों का चयन करने का आग्रह किया गया और चयनित युवाओं को शीघ्र जॉइनिंग के लिए प्रेरित किया गया।
प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि कैंपस ड्राइव में लगभग 700 अभ्यर्थी पहुंचे। इनमें से मारुति सुजुकी में 375, हीरो मोटोकार्प में 8 और एसबीआई लाइफ इश्योरेंस में 5 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। चयनित युवाओं को 15,000 से 38,648 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। उन्होंने बताया कि जो युवा इस बार चयनित नहीं हो सके, उन्हें दिवाली के बाद नई कंपनियों में अवसर दिए जाएंगे। इसके लिए कई प्रतिष्ठित कंपनियों से वार्ता चल रही है।