लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को लगे रोजगार मेले में युवाओं भारी भीड़ उमड़ी। अभ्यर्थियों की संख्या इतनी थी कि हॉल में खड़े होने तक जगह नहीं बची। इन सबके बीच में रोजगार मेले में 553 प्रतिभागियों ने साक्षात्कार दिया। इनमें से 375 युवाओं को नौकरी पाने में सफलता मिली।
रोजगार मेले में कानपुर, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थी शामिल हुए। रोजगार मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होनी थी लेकिन, सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया। परिसर में बने बड़े हॉल में पहले इन्हें बैठाया गया, लेकिन गर्मी की वजह से बाद में प्लेसमेंट ऑफिस में जाने को बोला गया। वहां कम स्थान होने की वजह से अभ्यर्थियों के लिए जगह कम पड़ गई।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार मेले में टाटा मोटर्स कंपनी ने लखनऊ व पंतनगर प्लांट के लिए चयन किया। सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड, स्व प्रा. लि., वेलराइज इंजीनियर्स प्रा.लि., इंजी., जेएनएस कंपनी, एजिस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस व अडाज प्रा. लि. कंपनी ने लखनऊ के अलावा, गुजरात, नोएडा, राजस्थान व हरियाणा के लिए साक्षात्कार लिया। आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि कंपनियों में ट्रेनी, अप्रेंटिसशिप, कॉल सेंटर, ईवी टेक्नीशियन सहित अन्य पदों के लिए भर्ती की गई।शैक्षिक योग्यता व अनुभव के आधार पर 12 से 28 हजार महीने का वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही कैंटीन, ट्रांसपोर्ट, पीएफ व मेडिकल की सुविधा दी जाएगी।
नहीं शामिल हुई वीविंग कंपनी, जारी होगा नोटिस
रोजगार मेले में वीविंग कंपनी को भी शामिल होना था। कंपनी ने नोएडा में कॉल सेंटर के लिए करीब 100 पदों पर भर्ती की बात कही थी, लेकिन वह चयन के लिए आई ही नहीं। ऐसे में कॉल सेंटर में नौकरी की आस में पहुंचे अभ्यर्थियों को अन्य कंपनी में साक्षात्कार देना पड़ा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।