लखनऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला जज बबीता रानी की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय में शनिवार को लोक अदालत लगी। इस दौरान विभिन्न तरीके के 362,481 वाद निपटे और 69.48 करोड़ की राजस्व वसूली हुई।
विशेष न्यायाधीश सीबीआई सेंट्रल और राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी रवींद्र कुमार द्विवेदी, अपर जिला जज मीनाक्षी सोनकर विधिक सेवा के निर्देशन में मोटर दावा दुर्घटना अधिकरण, पारिवारिक न्यायालय परिसर, वाणिज्यिक न्यायालय, उपभोक्ता फोरम, कलेक्ट्रेट और समस्त तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत लगी। जनपद न्यायालय में विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट ने 105 मामले, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 7,165 मामले, विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (कस्टम) ने 1,147 मामले, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (अयोध्या प्रकरण) ने 924 मामले व अन्य मजिस्ट्रेट न्यायालयों ने 11,910 मामले, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के कुल 197 मामले, वाणिज्यिक न्यायालय के 10 और पारिवारिक न्यायालय के 273 मामलों समेत लंबित कुल 22817 वादों का निस्तारण कर 558534886 रुपये की धनराशि वसूली गई।
प्री-लिटिगेशन स्तर पर राजस्व के कुल 100,755 वाद और अन्य 238,909 प्रकरणों के साथ कुल 339,664 मामलों का निस्तारण कर 136,356,286 रुपये की धनराशि वसूली गई। कुल 362,481 मामलों का निस्तारण कर 694,891,172 की धनराशि वसूल की गई।