युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदेश में 35 हजार दंगल मैदान बनाए जाएंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बलहा विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरोज सोनकर के समर्थन में आयोजित एक जनसभा में दी। बलहा विस क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उर्रा बाजार में जनसभा की।
इसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को स्वस्थ बनाए रखने के लिए 35 हजार दंगल मैदान चिंहित किए गए हैं। इन पर खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दोबारा सत्ता में आने पर सबसे पहले अनुच्छेद 370 और 35 ए समाप्त किया। अब बहराइच के लोग कश्मीर में रह सकते हैं।
वहीं अंबेडकरनगर के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि धारा 370 का विरोध करने वाली कांग्रेस में अब कोई रहना ही नहीं चाहता, इसीलिए उसमें भगदड़ मची है। हर कोई कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुका है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सत्ता जब राम के हाथ में आती है तो खुशहाली आती है। कांग्रेस के हाथ में आती है तो भ्रष्टाचार में आकंठ डूब जाती है और जब नरेंद्र मोदी के हाथ में आती है तो विकास की गंगा बहने लगती है।
वहीं बाराबंकी के जैदपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभा में योगी ने भीड़ से प्रश्न किया क्या आपको आतंकवाद पसंद है, जनता ने नहीं कह कर जोरदार प्रतिवाद किया। भाजपा ने आतंकवाद की कमर उसके गढ़ में ही तोड़ने का काम किया है। मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में 100 दिन में ही साबित कर दिया कि उनकी कथनी एव करनी में कोई अंतर नही है।