प्रदेश के 34 पीसीएस अधिकारी जल्दी ही आईएएस संवर्ग में पदोन्नत हो जाएंगे। संघ लोक सेवा आयोग ने अफसरों की पदोन्नति के लिए 22 अक्तूबर को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक बुलाई है। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों को इसी महीने आईएएस काडर में तैनाती मिल सकती है।
प्रदेश के नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने पीसीएस से आईएएस में पदोन्नति के लिए वर्ष 2017 की रिक्तियों के सापेक्ष 34 पीसीएस अफसरों की पदोन्नति से जुड़ा प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। सरकार ने प्रत्येक रिक्त पद के विरुद्ध तीन अफसरों से जुड़े रिकार्ड आयोग को भेजे।
आयोग ने इसके पहले 20 अगस्त को डीपीसी की तिथि तय की थी लेकिन तब उत्तराखंड राज्य के लिए स्थानान्तरणांधीन पीसीएस अधिकारी उदयराज सिंह भी अपनी पदोन्नति की मांग को लेकर सुप्रीमकोर्ट पहुंच गए थे। सुप्रीमकोर्ट ने पहले डीओपीटी को सिंह की पदोन्नति के लिए निर्देशित किया था। लेकिन डीओपीटी ने इस निर्णय पर अपना पक्ष रखा तो कोर्ट ने सिंह की याचिका खारिज कर दी।
इसके बाद सरकार ने सिंह को उत्तराखंड के लिए कार्यमुक्त कर दिया था और डीओपीटी से जल्द से जल्द पदोन्नति की कार्यवाही संपन्न कराने का आग्रह किया था।
नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 22 अक्तूबर को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक लोकसेवा आयोग में होगी। इसमें आयोग व केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अधिकारियों के अलावा प्रदेश के मुख्य सचिव डा. अनूप चंद्र पांडेय और अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंघल शामिल होंगे।