लखनऊ। पारा में साइबर ठगों ने ऑनलाइन सर्वे के नाम पर युवक को जाल में फंसाकर उससे 3.19 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने सोमवार को एफआईआर कराई है। निजी कंपनी में कार्यरत हरदोई के राधैय पुरवा गांव निवासी तेंदुलकर पाल वर्तमान में हंसखेड़ा की सिंधी कॉलोनी में हेरिटेज एकेडमी स्कूल के पास रहते हैं। 17 से 22 अक्तूबर के बीच व्हाट्सएप, टेलीग्राम और वेबसाइट के माध्यम से उन्हें ऑनलाइन सर्वे पूरा करने के बदले रुपये देने का लालच दिया गया। शुरुआत में सर्वे पूरा करने पर कुछ भुगतान भी किया गया। फिर ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैनल पर जोड़कर वेबसाइट के जरिये कई टास्क पूरे करने के लिए कहा। यह भी कहा कि टास्क अधूरा रह गया तो जमा किया पैसा फंस जाएगा।
शुरू में छोटी रकम के टास्क दिए गए और उनका भुगतान भी किया गया। धीरे-धीरे रकम बढ़ाकर पीड़ित से लगातार पैसे जमा कराए जाते रहे। फंसी रकम मिलने की उम्मीद में पीड़ित और पैसे जमा करता रहा। ठगों ने सिक्योरिटी अमाउंट के नाम पर भी पैसे जमा करा लिए। युवक के कुल तीन लाख 19 हजार रुपये फंस गए। जालसाजी का एहसास होने पर पीड़ित ने 25 अक्तूबर 2025 को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला पारा थाने ट्रांसफर किया गया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि जांच चल रही है।