फैजाबाद। राजकीय इंटर कॉलेज के तत्वावधान में मंडलीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश चंद श्रीवास्तव ने किया। जूनियर वर्ग में फैजाबाद और सुल्तानपुर मंडल की टीमों ने प्रतिभाग किया। फैजाबाद की टीम ने सुलतानपुर को 6-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में फैजाबाद और सुल्तानपुर के बीच खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सुल्तानुपर को 6-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। विजेता टीम मध्यांतर तक 2 गोल से आगे थी। फैजाबाद की तरफ से हिमांशु ने मैच के 15वें 35वें मिनट में गोल कर टीम को दो शून्य की बढ़त दिला दी। मध्यांतर के बाद फैजाबाद के नंदन ने 55वे मिनट में, सैफ ने 65वें मिनट में व मैच के 70वें और 75वें मिनट में शुभम ने गोल कर टीम को 6-0 से विजय दिला दी। प्रतियोगिता की विजेता टीम 5 मई से सैफई में होने वाली राज्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव सुलतानपुर दिलीप सिंह, विजेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, अभिषेक सिंह, हरिकिशन सिंह और संजोग निर्णायक रहे।
नाराज खिलाड़ियों का प्रदर्शन
मंडलीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबाल प्रतियोगिता में विभागीय उपेक्षा से नाराज खिलाड़ियों ने अर्धनग्न होकर विरोध दर्ज कराया। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता में मेजबान टीम के खिलाड़ियों को किट उपलब्ध नहीं कराई गई। किट न होने के कारण निर्णायकों ने खेलने से रोक दिया। इससे नाराज खिलाड़ियों ने मैदान पर विरोध शुरू कर दिया। विद्यालय क्रीड़ा समिति के संयुक्त सचिव अभिषेक सिंह द्वारा मैच के लिए छात्रावास से किट मंगाकर खिलाड़ियों को उपलब्ध कराया गया इसके बाद मैच प्रारंभ हो सका। टीम के कप्तान शुभम ने बताया कि मंडल प्रतियोगिता में किट और भोजन खिलाड़ियों को दिया जाता है। क्रीड़ा समिति द्वारा भोजन व अन्य उपकरण प्राप्त नहीं कराए गए। प्रतियोगिता के संयोजक प्रधानाचार्य रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मंडलीय आयोजन के लिए धन की मांग की गई थी, जो उपलब्ध नहीं हो सका। इस कारण खिलाड़ियों को किट व भोजन व्यय प्राप्त नहीं कराया जा सका।