बेकाबू वाहन की टक्कर से दंपती की मौत
सीतापुर। तालगांव थाना क्षेत्र में वनरोज को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। जबकि मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि, दंपत्ती अपनी रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने हरदोई जा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवोें को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमरिया निवासी मदन मोहन (52) सोमवार सुबह अपनी पत्नी रानी देवी (48) के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने हरदोई जा रहे थे।
रास्ते में सीतापुर लहरपुर मार्ग पर तालगांव थाना क्षेत्र में धोंधी गांव के पास तेज रफ्तार में जा रही टाटा मैजिक गाड़ी के सामने एक वनरोज आ गया। उसे बचाने के चक्कर में मैजिक की बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर इस कदर जबरदस्त थी कि बाइक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। जबकि मैजिक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मदन मोहन व उनकी पत्नी रानी देवी तथा मैजिक चालक खैराबाद के सरफापुर निवासी गुड्डू (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। मगर मदन मोहन व उनकी पत्नी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।