सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। मोटरसाइकिल से कोचिंग जा रहे एक छात्र को शुक्रवार को सुबह बदोसरांय चौराहे पर तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में छात्र की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।
बदोसरांय थाना क्षेत्र के कस्बा सिरौलीगौसपुर निवासी शुभम (19) पुत्र सुरेश कक्षा 11 का छात्र था। शुभम शुक्रवार की सुबह बाइक से बदोसरांय कस्बा स्थित एक कोचिंग सेंटर जा रहा था। इस बीच छात्र बाइक लेकर जैैैसे ही बदोसरांय चौराहे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल छात्र के परिवारीजनों को सूचना देने के साथ ही उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ईएमओ डॉ. मुदित मेहरोत्रा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुभम के पिता सुरेश ने बताया कि कोहरे के चलते हादसा हुआ है। हादसे के दौरान उसके बेटे ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। इस बारे में बदोसरांय थाना प्रभारी श्याम नरायन पांडेय ने बताया कि परिवारीजनों की ओर से तहरीर मिली है। डीसीएम चालक का पता लगाया जा रहा है। वाहन और चालक का पता लगने पर कार्रवाई की जाएगी। छात्र की अचानक मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।